ईश्वर से इंसान तक ~ आज मैं ऊपरवाले से उदास हूँ
ईश्वर से इंसान तक ~ आज मैं ऊपरवाले से उदास हूँ
READ IN CONTINUATION
SUBTHEME – DIALOGUE WITH THE DIVINE
CONVERSATION OF HUMAN WITH GOD [PHASE 1]
TITLE – आज मैं ऊपरवाले से उदास हूँ
मैं ही मोह और मैं ही माया,
ईश्वर, तू मुझे किस संसार में ले आया?
मैं ही जंग और मैं ही जानवर,
ईश्वर, तूने मुझसे ये क्या-क्या है करवाया?
मैं ही शैतान और मैं ही सैलाब,
ईश्वर, तूने मुझे पहले क्यों न बताया?
मैं ही सफ़र और मैं ही सवाल,
कौन बना पापी फिर?
जब मैंने पवित्र बनकर सृष्टि का सारा सुख है ठुकराया?
मैं ही फ़राज़ और मैं ही फ़ातिमा,
मैंने ही तुझे था अपनाया,
मैं ही कायदा और मैं ही कैफ़ियत,
इस आयाम में, हर किसी का सिर है चकराया,
मैं ही प्रेम और मैं पशु,
इस महफ़िल में कोई नहीं हमेशा टिक पाया।
मैं ही काफ़िर और मैं ही पुजारी,
बेच दिया ईश्वर तुझे मैंने,
पर तुझे बेचकर भी, मुझे चैन कहाँ आया?
मैं ही वफ़ादार, मैं ही धोखेबाज़,
इस धर्म को मैंने ही बनाया, और फिर इसका ग़लत फ़ायदा उठाया।
CONVERSATION OF GOD WITH HUMAN [PHASE 2]
TITLE – मैं इंसान से हमेशा हताश हूँ।
तू ही वकील, तू ही क़ाज़ी,
प्रथा का मारा-मारा, इंसान, तुझे मैंने कब क्या सिखाया?
तू ही गुनहगार, तू ही सालार,
तेरे ही हाथ में है, ग़लत-सही का हथियार,
नाश कर दे, या कर दे आबाद,
मार दे ताला, चाबी को कर ले तू फ़रार,
ये है क़ुदरत का निज़ाम,
तू ही है इंसान, तू ही है इंसाफ़,
या तो इंसाफ़ कर ले, या फिर लगा के गुनाहों की कतार,
तू ही प्रपंच, तू ही पाखंड,
जो अंत कर देगा तू प्रेम का, कौन चलाएगा तेरे जैसे पागलों का वंश?
तू ही तक़दीर, तू ही यक़ीन,
जो अंत हुआ यक़ीन का, दुआओं को भी तूने नीलाम किया, ओ मानसिक ग़रीब,
बाज़ारू बन, तूने सब बाज़ार किया,
मर्द बन, तूने सब बर्बाद किया,
हैवान बन, तूने ख़ूब क़त्ल-ए-आम किया,
जब क़त्ल न हो पाया, तो तूने ख़्वाहिशों को ही हलाल किया,
जब कुछ न बचा, तो तूने मेरा नाम लेकर,
मेरे [ईश्वर के] मर जाने का ख़ूब मलाल किया,
पर जब मैं न मर पाया,
तो तूने धर्म को ही तेज़ाब किया!
ये धर्म तेरी ही देन था,
तूने इसे ही अगवा किया,
मैंने तो बस जीवन और मृत्यु लिखी थी,
जिसे भी तूने, बीमार किया,
तूने जीवन को दुश्वार करके,
मृत्यु को हर शख़्स पर अंजाम किया,
ओ जीव! तूने जीवन को जीने लायक न छोड़ा,
तूने मरने को ही समाज किया,
तूने रीतियों के आडंबर में,
रिवाज़ों को तावीज़ किया,
मारा-मारा क्यों फिरता है तू अब?
जब जीवन का तूने स्वयं ही नाश किया,
नष्ट कर दिए, मेरे बनाए हुए दस्तूर,
परंपरा को तूने दीवार किया,
अब बना ले खंभे, और ऊँचे और लंबे,
टाँग दे उसमें,
मुझे और मेरे नाम पर किए गए मज़हब के करतब को,
सूली चढ़ा दे मुझे,
अपने गुनाहों के लिए,
पर क्या, मेरे [ईश्वर के] मरने ने,
तुझे कभी ख़ुद से आज़ाद किया?
जनाज़ा उठा दे मेरा,
गाड़ दे मुझे क़ब्र में,
फूल न डालना,
मेरे मक़बरे जाने वाली सड़क पे,
ख़बर न लेना मेरी,
बाँध दे मुझे,
धर्म के कफ़न में,
या श्मशान घाट में बहा देना,
बहा देना, पर मेरे साथ,
मेरे नाम से किया जाने वाला सारा आडंबर,
भी बहा देना,
मैं रीतियों का नहीं, मैं आज़ादी का हूँ,
मैं जीवों का नहीं, क्रांति का हूँ,
मैं मृत्यु का नहीं, शरणार्थी का हूँ,
मैं इंसान का नहीं, बस विश्वास का हूँ,
बिन माँ-बाप की औलाद का हूँ,
बंधनमुक्त-आज़ाद का हूँ,
दीवाने का हूँ, हज़रत का हूँ,
फ़िज़ा में बिखरा, हर शख़्स, हर इमाम का हूँ,
पर्वतों पर चढ़ा बैठा, हर फ़र्द, हर लिबास का हूँ,
नदियों में बहता, चादरों में लिपटा, एहसास का हूँ,
उस आयाम में बैठा, हर फ़रियाद का हूँ।
तू देख तो सही मुझे, ग़ौर से, मैं इस कायनात का हूँ।
— लीज़ा
Comments
Post a Comment